ट्रेन इन्टेक्ट रजिस्टर
यह एक रजिस्टर है जिसे स्टेशन मास्टर कार्यालय में रखा जाता है और प्रत्येक स्टेशन पर रुकने वाली गाड़ी के पूर्ण आगमन को सुनिश्चित करने के लिए इसमें गार्ड के हस्ताक्षर लिए जाते हैं। इसमें निम्नलिखित काॅलम होते हैं - जब कोई गाड़ी स्टेशन पर रुकने वाली होती है, तो स्टेशन मास्टर इस रजिस्टर में दिनांक व गाड़ी संख्या लिखकर अपने अधीनस्थ कर्मचारी के साथ इसे गार्ड के पास भिजवाता है। गार्ड यह सुनिश्चित करने के बाद कि गाड़ी पूरी आ चुकी है व फाउलिंग मार्क साफ करके खड़ी है, इस रजिस्टर मे आगमन का समय लिखेगा व अपने हस्ताक्षर करेगा। इसके बाद गार्ड दिन मे हरी झंडी व रात में हरी बत्ती तीन बार गोलाकार घुमाकर गाड़ी के पूर्ण आने का संकेत स्टेशन मास्टर को दिखाएगा। (आवश्यकतानुसार यही संकेत गार्ड से हस्ताक्षर लेने के पश्चात् अधीनस्थ सक्षम रेल कर्मचारी स्टेशन मास्टर को दिखाएगा) इस संकेत को देखकर स्टेशन मास्टर पिछला ब्लाॅक सेक्शन बन्द करके किसी अन्य गाड़ी, यदि हो, को चाहे तो लाइन क्लीयर दे सकता है परन्तु किसी अन्य गाड़ी के लिए आगमन सिगनल तभी आॅफ कर सकेगा जब ट्रेन इन्टेक्ट रजिस्टर स्टेशन मास्टर के पास पहुँच जाए और वह उसे देखकर सुनिश्चित कर ले कि गार्ड ने किसी प्रकार की कोई टिप्पणी तो नहीं लिखी है।
